नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के वन विभाग के एक रेंजर पर आदिवासी समुदाय के एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों ने इस घटना की शिकायत कलेक्टर से करते हुए रेंजर और उनके स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, यह घटना 26 अगस्त को शाम 6:30 बजे ग्राम बारछा में हुई। पीडि़त अजय लविस्कर ने बताया कि रेंजर अमित सिंह और उनके साथ आए कर्मचारियों ने बिना किसी सूचना के उनकी किराना दुकान पर आकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्हें जबरन एक वाहन में बैठाकर ले जाया गया और रास्ते में जातिसूचक गालियां देते हुए 100 उठक-बैठक लगाने को कहा गया। जब अजय ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इनकार किया, तो रेंजर ने उनसे दुव्र्यवहार किया और फिर से जातिसूचक गालियां दी।
इसके बाद अजय को दूसरे वाहन में बैठाकर छोड़ दिया गया। पीडि़त परिवार ने तुरंत ग्राम मुखिया रामप्रसाद बास्कर को घटना की जानकारी दी। 28 अगस्त को, समस्त ग्रामवासियों और पंचों ने 5वीं अनुसूची क्षेत्र के अंतर्गत एक पारंपरिक ग्राम सभा आयोजित कर इस घटना का कड़ा विरोध किया। ग्रामवासियों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि रेंजर अमित सिंह के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और पीडि़त अजय लविस्कर को न्याय दिलाया जाए। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और आदिम जाति कल्याण विभाग को भी भेजी है।








