- ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. विनय गंगवानी ने संभाला कार्यभार
इटारसी। शहर के शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित हुआ। अब क्षेत्रीय नागरिकों को कान, नाक और गले से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शहर के प्रतिष्ठित ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विनय गंगवानी ने आज औपचारिक रूप से अस्पताल में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। विशेष बात यह है कि डॉ. गंगवानी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी सेवाएं देना प्रारंभ कर दिया है।
डॉ. गंगवानी के पदभार ग्रहण करने के दौरान अस्पताल प्रबंधन से डॉ. कमलेश कुमरे चिकित्सालय अधीक्षक, डॉ. आरके चौधरी पूर्व अधीक्षक, डॉ. अभिषेक अग्रवाल शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. विकास जैतपुरिया, आशीष अरोरा विधायक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अब तक इटारसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को ईएनटी विशेषज्ञ के परामर्श के लिए निजी अस्पतालों या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।
अब शासकीय अस्पताल में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ परामर्श और उपचार नि:शुल्क/सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेगा। अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम में बढ़ोतरी से अस्पताल की विश्वसनीयता और सेवाओं की गुणवत्ता में और भी इजाफा होगा।











