इटारसी। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर, इटारसी परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस वर्ष का मुख्य लक्ष्य परिवार में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना और पोषण से संबंधित जागरूकता बढ़ाना था।
आयोजित गतिविधियां
इन कार्यक्रमों में पुरुषों को पोषण के महत्व से जोडऩे के लिए कई अनूठी पहल की गईं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पोषण से भरपूर ऊपरी आहार की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां पुरुषों के लिए विशेष व्यंजन प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं। इसके अलावा, पुरुषों के नेतृत्व में सामुदायिक शपथ का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने पोषण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इन गतिविधियों में बाल पोषण और देखभाल पर केंद्रित ‘पोषण चौपालÓ और ‘पिता-केंद्रित कार्यशालाएंÓ भी शामिल थीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया कि बच्चों का सही पोषण केवल माताओं की नहीं, बल्कि पूरे परिवार, खासकर पिताओं की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इन कार्यक्रमों में कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें अतुल शुक्ला, सुनील तिवारी और पार्षद दुर्गा नारायण सिंह ठाकुर शामिल थे। उन्होंने पोषण अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला, पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना पवार, श्रीमती रेखा चौरे, श्रीमती मीना गांठले, श्रीमती राखी मौर्य, और हिना खान का विशेष सहयोग रहा।








