इटारसी। रक्षाबंधन के मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन और पुलिस विभाग ने शहर के मुख्य बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। अब जय स्तंभ चौक और मुख्य बाजार क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में कार और ऑटो का प्रवेश रक्षाबंधन तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभी इस निर्णय में बाइक शामिल नहीं है। यदि इनसे भी अव्यवस्था होगी तो इन्हें भी प्रतिबंधित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि हर साल रक्षाबंधन के समय बाजारों में भारी भीड़ होती है, लेकिन वाहनों के कारण बहनों को खरीदारी में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पुलिस थाना इटारसी टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि नो व्हीकल ज़ोन के तहत पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पैदल आने-जाने वालों को कोई परेशानी न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाइक भी बाजार में अभी प्रवेश कर सकेंगी।
इस निर्णय से बहनों को न सिर्फ राहत मिलेगी, बल्कि बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है और वाहन चालकों से आग्रह किया है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन लेकर न आएं।











