इटारसी। शहर के मालवीयगंज क्षेत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने झांसा देकर एक व्यक्ति से 90,000 की ठगी कर ली। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 20, मालवीयगंज निवासी अमनदीप सलूजा पिता मंजीत सिंह, उम्र 32 वर्ष को अज्ञात साइबर जालसाजों ने लकड़ी बुलवाने का काम देने के नाम पर अपने झांसे में लिया। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी को क्यूआर कोड भेजकर उसके खाते से कुल 90,000 अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीडि़त ने तुरंत इटारसी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। घटना 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से संबंधित बैंक खातों और क्यूआर कोड की डिटेल निकालकर आरोपी का सुराग लगाने में जुटी है।










