इटारसी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के जंगलों से लेकर रेलवे स्टेशनों तक इन दिनों ‘ऑपरेशन थंडर’ की गूंज है। ‘वन्य प्राणी सप्ताह’ के मौके पर एसटीआर प्रबंधन पूरी तरह एक्शन मोड में है। एक तरफ जहां शासकीय स्निफर डॉग ‘अपोलो’ की सूंघने की क्षमता तस्करों के पसीने छुड़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ पीढ़ियों से जंगलों पर निर्भर रहे पारधी समुदाय ने वन्यजीवों की रक्षा करने की कसमें खाई हैं।
क्षेत्र संचालक राखी नंदा और उप संचालक ऋषभा सिंह नेताम के कड़े निर्देशों पर डॉग स्क्वाड प्रभारी मार्तंड सिंह मरावी की टीम ने शनिवार को झिरिया बैरियर पर मोर्चा संभाला। यहां जांबाज डॉग ‘अपोलो’ के साथ गुजरने वाले हर वाहन की सघन तलाशी ली गई और चालकों को जंगल में रफ्तार पर लगाम कसने की सख्त हिदायत दी गई। इसके बाद वन अमले ने आरपीएफ और जीआरपी के साथ मिलकर पिपरिया रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे और पार्सल कार्यालयों को खंगाला, ताकि वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के किसी भी नापाक नेटवर्क को पनपने से पहले ही रोका जा सके।
सुरक्षा की इस सख्ती के बीच सोहागपुर के जमनी टोला (पारधी ढाना) से एक बेहद सुखद और बदलाव की तस्वीर भी सामने आई। वन विभाग की टीम ने यहां के बच्चों को न सिर्फ जंगल और जानवरों की अहमियत समझाई, बल्कि उन्हें कॉपी-किताबें भी बांटीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों के चहकते चेहरों के बीच वह पल सबसे खास रहा, जब बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता ने भी हाथ आगे बढ़ाकर वन्यजीवों के संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। 1 अक्टूबर से शुरू हुआ यह सुरक्षा और जागरूकता का महाभियान स्कूलों, बस स्टैंडों और ग्रामीण इलाकों में पूरे जोर-शोर से जारी है।










