इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना इटारसी द्वारा ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत 14 से 18 वर्ष की किशोरी बालिकाओं और स्कूली बच्चों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक व जागरूकता भ्रमण का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शासकीय प्रणालियों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना था।
इस दौरान दल ने एसडीएम कार्यालय, तहसील, नगर पालिका, थाना, ग्रामीण बैंक (पुरानी इटारसी) और शहरी आजीविका केंद्र का भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री निलेश शर्मा ने बच्चों को करियर मार्गदर्शन दिया, जबकि नायाब तहसीलदार कृष्णकांत उइके ने राजस्व व सीमांकन की प्रक्रिया समझाई। नगर पालिका में कार्यपालन यंत्री श्रीमती मीनाक्षी चौधरी व टीम ने नगरीय प्रशासन, और थाने में एएसआई रीना खरे व टीम ने एफआईआर प्रक्रिया, चाइल्डलाइन (1098) व महिला हेल्पलाइन (112) की जानकारी दी।
इसके अलावा, बैंक प्रबंधक बलवंत यादव ने बैंकिंग सेवाओं और नितिन वर्मा ने आजीविका केंद्र की डिजिटल व जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराया। प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तवार, मीना गाठले, रेखा चौरे, राखी मौर्य सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा, जिससे बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ।











