इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में भारतीय ज्ञान परंपरा के त्रैमासिक कैलेण्डर अनुसार आज प्राचार्य डॉ नीता राजपूत के संरक्षण में वसुधैव कुटुंबकम् अवधारणा पर केंद्रित कार्यक्रम का आयोजन मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन तथा माल्यार्पण कर किया गया।
सर्वप्रथम प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ सतीश ठाकरे ने भारतीय ज्ञान परंपरा के उद्देश्य और आज के कार्यक्रम पर अपनी बात रखी। मुख्य वक्ता डॉ प्रवीण कुमार कुशवाहा ने वसुधैव कुटुंबकम् की भारतीय अवधारणा विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संपूर्ण दुनिया एक परिवार की तरह है भारतीय अवधारणा हमे सिखाती है कि मानव में विभिन्नताओं के बावजूद हम सभी एक हैं, और समान है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ नीता राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता ही विश्वबन्धुत्व का आधार है और यही भावना हमे सामंजस्य परिवार की स्थापना के प्रति प्रेरित करती है। इस अवसर पर विश्व शांति एवं सौहार्द विषय पर शालू कुमरे, स्नेहा मांडवी, मुस्कान तिवारी, नंदिनी बामने, नेहा धुर्वे तथा महिमा ने पोस्टर निर्माण किया।
महाविद्यालय परिवार से कार्यक्रम में डॉ मंजू मालवीय, डॉ सौरभ तिवारी, डॉ वेदप्रकाश भारद्वाज उपस्थित रहे। संचालन डॉ राधा आशीष पांडे ने एवं आभार श्रीमती संध्या उपाध्याय ने व्यक्त किया।








