इटारसी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में एक भव्य समारोह का आयोजन कर देश के जाने-माने कॉस्मेटिक सर्जन पद्मश्री डॉ. अशोक गुप्ता का सम्मान किया। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. गुप्ता ने अपने असाधारण सेवा कार्यों से समाज में एक विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने अनेक एसिड अटैक पीडि़तों और मुंबई के ताज होटल आतंकी हमले में घायल हुए लोगों की सफल कॉस्मेटिक सर्जरी करके उन्हें नया जीवन दिया है। उनके इन्हीं सराहनीय कार्यों के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि उन्हें डॉ. गुप्ता के साथ होशंगाबाद में शिक्षा हासिल करने का अवसर मिला था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहर को जरूरत पडऩे पर डॉ. गुप्ता के अनुभवों का लाभ लिया जाएगा।
वर्तमान में डॉ. गुप्ता मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस सम्मान समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, आईएमए अध्यक्ष डॉ. आर दयाल सहित चिकित्सालय के कई डॉक्टर और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।








