इटारसी। सकल जैन समाज का पंचकल्याणक महोत्सव इटारसी में प्रारंभ हो गया है। आज प्रथम दिन आज प्रात: 7 बजे श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से घट यात्रा प्रारंभ हुई। महिला वर्ग केसरिया वस्त्र में अपने सिर पर कलश लेकर चल रही थीं तो वहीं पुरुष वर्ग श्वेत वस्त्र में भक्ति भाव के साथ कंधे पर भगवान जी की पालकी को लेकर चल रहा था।
शोभायात्रा में मुनि श्री निर्णय सागर एवं छुल्लक सुधीर सागर चल रहे थे। जैन समाज के युवा बच्चों द्वारा संचालित दिव्य घोष की मधुर ध्वनि पर लोग भक्ति भाव के साथ थिरक रहे थे। शोभायात्रा की प्रमुखता यह रही कि जहां वास्तविक श्याम कलर के गजराज पर पंचकल्याणक के प्रमुख पात्र सौ धर्म इंद्र एवं राजा नाभिराय भगवान के पिता विराजमान थे, तो वहीं श्वेत हाथी पर महापात्रा कुबेर एवं महायज्ञानायक विराजमान थे। शोभा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पंचकल्याणक स्थल एलकेजी महावीर विद्यालय प्रांगण में पहुंची जहां श्री जी को विराजमान किया एवं सभी ने प्रमुख पात्रों के साथ पूर्ण भक्ति भाव के साथ यज्ञ मंडल विधान, विश्व शांति के लिए संपन्न किया।
प्रथम दिन की महा आरती का सौभाग्य श्रीमती रचना प्रशांत जैन वर्धमान कॉलेज परिवार को प्राप्त हुआ। महा आरती पुनर्जक परिवार गजराज पर बैठकर महारथी कार्यस्थल पर पहुंचे और बहुत ही धूमधाम के साथ प्रभु की आरती संपन्न हुई। रात्रि में भगवान के माता-पिता राजा नाभि राय एवं रानी मरु देवी का दरबार लगा, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस पंचकल्याणक में बनने वाले नवीन मंदिर श्री महावीर जिनालय के मूल नायक की मूर्ति विराजमान करने का सौभाग्य सुभाष, श्रीमती प्रभा जैन परिवार को प्राप्त हुआ वहीं विधि नायक भगवान आदिनाथ की मूर्ति विराजमान करने का सौभाग्य राहुल मांगीलाल जैन को प्राप्त हुआ।
शांतिनाथ भगवान की मूर्ति विराजमान करने का सौभाग्य राजकुमार जैन, श्री आदिनाथ जिला में विराजमान होने वाली भगवान मल्लिनाथ की मूर्ति विराजमान करने का सौभाग्य श्रीमती सुषमा नरेंद्र कुमार जी सिंघई को प्राप्त हुआ। पाषाण से भगवान बनने की इस प्रक्रिया को जबलपुर से आये बाल ब्रह्मचारी प्रदीप, पीयूष एवं भोपाल से आये बाल ब्रह्मचारी सुमित के द्वारा संपन्न किया जा रहा है। कार्यक्रमों की संख्या में कल इटारसी शहर में बनने वाले विशाल मान स्तंभ की शुद्धि वर्धमान कॉलेज परिसर में होगी एवं श्री आदिनाथ जिनालय की विशाल भव्य वेदी की शुद्धि का कार्यक्रम कावेरी स्टेट जैन मंदिर में प्रात: 10 बजे शोभायात्रा के रूप में प्रारंभ होगा।