इटारसी। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी स्थानीय निर्वाचन में इंटीग्रेटेड पोलिंग बूथ मैनेजमेंट सिस्टम से पेपरलेस इलेक्शन कराने की प्रक्रिया चल रही है । आम लोगों तथा कर्मचारियों को इस नई प्रक्रिया के फायदे बताने ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने जागरूकता वीडियो तैयार किया है।
सारिका घारू ने आज इसे राज्य निर्वाचन आयोग के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. सुतेश शाक्य को भेंट किया। इस अवसर पर आयोग के सतीश व्यास भी उपस्थित थे। सारिका ने बताया कि मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पेपरलेस बूथ के लाभ बता रही हैं। ये गतिविधियां आयोग के कमिश्नर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा सचिव अभिषेक सिंह के निर्देशन में कर रही हैं ।
सारिका ने बताया कि पेपरलेस इलेक्शन में कागजी कार्यवाही के स्थान पर डिजिटल टूल्स की मदद से जानकारी प्राप्त की जायेगी। इसमें कम मतदान कर्मियों की जरूरत होगी, समय भी कम लगेगा तथा मानवीय त्रुटि की संभावना कम होगी। इस नई प्रणाली में रियलटाईम वोटर टर्नआउट, इलेक्ट्रानिक वोटर आइडेंटिफिकेशन और ऑटोमेटेड डाटा शेयरिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी। वर्तमान में होने वाले पंचायत उपचुनावों में इसे अपनाया जा रहा है।











