इटारसी। लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) से प्रयागराज जा रही गाड़ी संख्या 12141 में सफर कर रहे एक 48 वर्षीय यात्री की ट्रेन में ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब 10:53 बजे जब ट्रेन इटारसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंची, तब यात्री को अचेत अवस्था में नीचे उतारा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सफर के दौरान बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया थाना अंतर्गत ग्राम पहाड़पुर निवासी प्रेमचंद 48 वर्ष, पिता मोहनलाल अपने भाई रामचंद्र और परिजनों के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनल से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे। वे कोच नंबर एस/2 की बर्थ नंबर 23 पर सवार थे। सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए।
रेलवे और जीआरपी की कार्रवाइ
ट्रेन के इटारसी पहुंचने पर आरपीएफ एएसआई प्रकाश बिल्लौर और आरक्षक हरप्रताप सिंह परमार ने तुरंत अटेंड किया। यात्री को प्लेटफार्म पर उतारा गया, जहां रेलवे डॉक्टर शबिरा मोल ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीआरपी इटारसी के हेड कांस्टेबल हरि सिंह ने शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। मृतक के साथ उनके भाई रामचंद्र, रजत वर्मा और पवन कुमार भी यात्रा कर रहे थे। अचानक हुई इस अनहोनी से परिजनों में शोक की लहर है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सुपुर्दगी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










