इटारसी। नर्मदापुरम की पथरोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम टांगना स्थित शासकीय स्कूल एवं आंगनबाड़ी में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।
घटना का विवरण
08 नवंबर 2025 को फरियादी द्वारा ग्राम टांगना स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के परिसर में रखे एक गैस टंकी, स्टील के डिब्बे, और गेहूं तथा चावल की बोरियां अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लेने की रिपोर्ट थाना पथरौटा में दर्ज कराई गई थी। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 284/25 धारा 305(ए), 331(4) भादंसं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस कार्रवाई एवं गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस इटारसी वीरेन्द्र कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना पथरौटा पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी और चोरी गए सामान की तलाश शुरू की गई। मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुकेश चीचाम पिता धमतराम, उम्र 37 साल, निवासी ग्राम टांगना और सूरज धुर्वे पिता प्रकाश धुर्वे, उम्र 27 साल, निवासी ग्राम टांगना, सागर उईके पिता रेवाराम उईके 19 वर्ष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक गैस टंकी, स्टील के डिब्बे, गेहूं एवं चावल की बोरियां जिनकी कुल कीमत 4700 रुपये है, बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
महत्वपूर्ण भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक संजीव पवार थाना प्रभारी, सहायक उपनिरीक्षक दीपकर जरवरिया, आरक्षक संजय गिनारे, संजय कुशवाहा और आरक्षक जयप्रकाश पांडे की विशेष सराहनीय भूमिका रही।






