इटारसी। कावेरी स्टेट कॉलोनी के निवासी पिछले लंबे समय से जर्जर विद्युत व्यवस्था, अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से बेहद परेशान हैं। बरसों पुरानी केबल और दम तोड़ चुके उपकरणों के कारण रोज-रोज होने वाली ट्रिपिंग और घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामानों के खराब होने से तंग आकर सोमवार को कॉलोनी वासियों ने विद्युत वितरण कंपनी के दफ्तर पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। बिजली कंपनी के महाप्रबंधक के नाम संबोधित यह ज्ञापन वहां मौजूद अधिकारी एआरओ श्रीमती रीना चौहान को सौंपा और जल्द से जल्द समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की गई।
कॉलोनी वासियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इन सभी गंभीर विद्युत समस्याओं का स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो समस्त रहवासी गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन में उठाई 3 प्रमुख समस्याएं
- 20 साल पुरानी केबल बदलना : कॉलोनी में लगी करीब बीस साल पुरानी जर्जर विद्युत केबल को हटाकर नई केबल डाली जाए।
- ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि : कॉलोनी में लगे पुराने तीन ट्रांसफार्मरों का तत्काल मेंटेनेंस किया जाए और लोड के हिसाब से उनकी पावर क्षमता (कैपेसिटी) बढ़ाई जाए।
- बंद पड़ी डीपी को चालू करना : दुर्गा मंदिर के पीछे पिछले 5-6 वर्षों से बंद पड़ी पुरानी डीपी को वहां से हटाया जाए और उसकी जगह नवीन उच्च क्षमता वाली डीपी लगाकर उसे चालू किया जाए। रहवासियों ने बताया कि साल 2019 में यहां लगी अच्छी डीपी को कहीं और शिफ्ट कर दिया था और उसकी जगह खराब डीपी लाकर रख दी गई, जो तब से बंद है और अब उसमें चूहों का डेरा है।
ज्ञापन सौंपते समय कावेरी स्टेट के नागरिकों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से अधिकारियों के सामने रखा। मौके पर मौजूद विद्युत अधिकारी श्रीमती रीना चौहान ने रहवासियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि वे इन तकनीकी और बुनियादी समस्याओं को जल्द से जल्द वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाकर इनका उचित निराकरण करवाएंगी।










