माखननगर (नर्मदापुरम)। माखननगर थाना पुलिस ने बागरातवा स्थित प्रसिद्ध हजरत गौरी शाह मजार में तोडफ़ोड़ करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। पकड़ा आरोपी क्षेत्र का शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से दो दर्जन मामले दर्ज हैं।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला था दर्ज
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को फरियादी सलीम शाह निवासी सेमरी हरचंद (सोहागपुर) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात उपद्रवी ने बागरातवा के पास स्थित हजरत गौरी शाह बादशाह की मजार में तोडफ़ोड़ की है। उपद्रवी ने मजार की रेलिंग तोड़ दी थी और वहां रखी पवित्र चादर व कुरान शरीफ को अपवित्र करने की नीयत से फेंक दिया था। इस शिकायत पर माखननगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शराब के पैसों के लिए की वारदात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही अमजद उर्फ गोंगा 35 वर्ष, निवासी टांडा मोहल्ला माखननगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी अमजद शराब पीने का आदी है। घटना के दिन उसके पास शराब के लिए पैसे नहीं थे। उसने चोरी की नीयत से मजार के दानपात्र, चादर और कुरान शरीफ में पैसे ढूंढे। जब पैसे नहीं मिले, तो उसने गुस्से में आकर मजार की रेलिंग तोड़ दी, पवित्र सामग्री को फेंक दिया और वहां से बैटरी चोरी कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमजद थाना माखननगर का आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित खुलासे और कार्रवाई में एसडीओपी संजू चौहान, माखननगर थाना प्रभारी निरीक्षक कंचनसिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया, सउनि वीरेंद्र शुक्ल, प्रधान आरक्षक कैलाश, आरक्षक गजेंद्र चौहान, मनीष कपाले, अर्जुन, रवींद्र, रोहित और राहुल पवार की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।











