पीआईसी ने वार्डों में विकास के लिए स्वीकृत किये सात करोड़ रुपए

शहर के बाजार, पार्क, बस स्टैंड पर बनेंगे बेबी फीडिंग सेंटर

अभा महात्मा गांधी हॉकी प्रतियोगिता के लिए 7 लाख स्वीकृत

इटारसी। पीआईसी ने नगर के विभिन्न विभागों में विकास कार्य के लिए 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हैं। इसके अलावा अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के लिए 7 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज अध्यक्षीय परिषद (पीआईसी) की बैठक आयोजित की। नगरपालिका अध्यक्ष श्री चौरे की दूसरी पीआईसी बैठक भी मातृशक्ति के लिए समर्पित रही। पीआईसी ने तय किया कि बाजार, पार्क, बस स्टैंड आने वाली माताएं, बहनें जिनके बच्चे छोटे हैं, उनके लिए बेबी फीडिंग सेंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा शहर के सभी 34 वार्डों में विकास कार्यों के लिए 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।

पीआईसी की बैठक में सीएमओ हेमेश्वरी पटले, सभापति कल्पेश अग्रवाल, गीता देवेंद्र पटेल, अमृता मनीष ठाकुर, मीरा राजकुमार यादव, मंजीत कलोसिया, नाजिया बेग, एई मीनाक्षी चौधरी, उपयंत्री आदित्य पांडे, मुकेश जैन, स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी, कार्यालय अधीक्षक संजय साहनी सहित अन्य मौजूद थे।

यहां बनाएंगे बेबी फीडिंग सेंटर

नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि शहर में रेलवे स्टेशन के सामने रेन बसेरा, पुरानी इटारसी में बन रहे नया बस स्टैंड और अटल पार्क में बेबी फीडिंग सेंटर बनाए जाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष श्री चौरे ने कहा कि यह इसलिए जरूरी है कि हमारी जिन माताओं – बहनों के छोटे बच्चे होते हैं उन्हें बच्चों को दूध पिलाने में कई बार सुरक्षित स्थान ना होने के कारण असहजता महसूस होता है। इसलिए उनकी असहजता को खत्म करने के लिए और सुरक्षा के लिए यह बेबी फीडिंग सेंटर खोलने जा रहे हैं।

हॉकी प्रतियोगिता के लिए 7 लाख रुपए

शहर की सबसे प्रतिष्ठित अखिल भारतीय महात्मा गांधी हॉकी प्रतियोगिता के लिए नगर पालिका इटारसी ने 7 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से गांधी मैदान में हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा।

7 करोड़ रुपए वार्डों में विकास के लिए स्वीकृत

पीआईसी ने शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य के लिए 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसमें रोड, नाली, पुलिया सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

इनका कहना है….

हमारी परिषद के अधिकांश कार्य हमारी मातृशक्ति के लिए समर्पित हैं। पीआईसी में हमारी ऐसी माताएं, बहनें जिनके छोटे बच्चे हैं उनके लिए बेबी फीडिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। तीनों स्थान पर सुरक्षित सेंटर में माताएं बहने बच्चों को सुरक्षित तरह से दूध पिला सकें। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में 7 करोड़ रुपए से विकास कार्य कराये जाएंगे। हॉकी प्रतियोगिता के लिए 7 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।
पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!