इटारसी। पंचायत उन्नति सूचकांक में प्रथम स्थान पाने वाली पीपलढाना पंचायत को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज्य अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविंद्र शर्मा के अनुसार पंचायत उन्नति सूचकांक 9 विषयों पर आधारित है, जिसमें पंचायतों का समग्र विकास और प्रदर्शन मापे जाते हैं।
ये विषय ग्रामीण विकास योजनाओं में सुधार, जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद करते हैं। इस सूचकांक में टांगना, जुझारपुर, खैरुआ, आमूपुरा, भांगिया, मुहारीकला, दतवासा, गुराडिय़ाजात, बी-जमानी और अन्य पंचायतों ने अच्छे अंक हासिल किए हैं। केसला जनपद की पीपलढाना पंचायत 70.02 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर है।
ग्राम पंचायत सचिव मनीष सिंह राजपूत ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए पंचायत में खुशी की लहर है, इस तरह के परिणाम हम लोगों को और भी अच्छा काम करने की प्रेरणा देते हैं। सिवनी मालवा में विशेष रूप से स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल विवाह मुक्त पंचायत पर जोर दिया जा रहा है।
बता दें कि नर्मदापुरम जिले में योजनाओं के तहत किए गए कार्यों में नर्मदापुरम का नाम प्रदेश भर में रोशन हुआ है। कलेक्टर सोनिया मीना और जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत द्वारा जिले में लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। इस प्रयास के तहत 10 ग्राम पंचायतों को पाई- 1.0 (पंचायत उन्नति सूचकांक) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।











