इटारसी। संचालनालय महिला एवं बाल विकास, मध्यप्रदेश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नर्मदापुरम के निर्देशानुसारआज महिला एवं बाल विकास परियोजना, इटारसी अंतर्गत इटारसी के समस्त वार्डों एवं समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों में एक पेड़ बेटी के नाम अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वार्ड 01, आंगनवाड़ी केन्द्र 02 में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड पार्षद दिलीप गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बालिकाओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रत्येक नागरिक से पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर पर्यवेक्षक मीना गाठले, अर्चना बस्तवार, रेखा चौरे एवं राखी मौर्य ने विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास परियोजना, इटारसी द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा एक पेड़ बेटी के नाम अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में सहयोग प्रदान करें।










