इटारसी। युवा पीढ़ी को नशे की जानलेवा लत से बचाने और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के संकल्प के साथ पीपल मोहल्ला स्थित संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्त भारत कार्यक्रम का आयोजन किया। शिक्षा कल्याण संगठन जिला नर्मदापुरम के कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने का कड़ा संदेश दिया, जिसका समापन सामूहिक शपथ ग्रहण और पौधरोपण से हुआ।
युवा सचेत नहीं होगा, राष्ट्र मजबूत नहीं होगा
शाला के उप प्राचार्य उपेंद्र साहू ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया, जबकि प्राचार्य एनपी चौधरी ने स्वागत उद्बोधन दिया। अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि दीपक अठौत्रा ने की। पुलिस उपनिरीक्षक श्रद्धा राजपूत ने विद्यार्थियों को समझाया कि जीवन में सही संगति कितनी जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि नशा करने वाले लोगों से दूरी बनाकर रखें और सभी को नशा मुक्ति की गंभीर शपथ दिलाई। दंत चिकित्सक डॉ. केसी. साहू ने वैज्ञानिक और चिकित्सीय पहलुओं को सामने रखते हुए कहा कि पान मसाला मसूड़ों में घाव पैदा करता है, जो आगे चलकर कैंसर का रूप ले लेता है। आज 30 से 40 प्रतिशत मुख के कैंसर के मामले इसी वजह से आ रहे हैं। देश के विकास के लिए युवाओं को इससे बचना होगा।
पंपलेट बांटे और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रामचरण नामदेव ने नशा मुक्ति का संदेश देने वाले ज्ञानवर्धक पंपलेट का वाचन किया। सदस्य अखिलेश दुबे, बीपी चौरे, घनश्याम शर्मा, अशोक मालवीय, सदन मालवीय, शकुंतला आचार्य, शैलजा पटेल और हंसा कपूर ने सभी छात्र-छात्राओं के बीच इन पंपलेटों का वितरण किया। पूर्व प्राचार्य बीके पटेल, संगठन संयोजक राजकुमार दुबे और देवेंद्र पटेल ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। संचालन आशीष श्रीवास एवं निहारिका ठाकुर ने किया।











