इटारसी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 सीपीई इटारसी में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य अतिथि मेजर जनरल आरएस सलारिया कमांडेंट सीपीई इटारसी, अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने राष्ट्रगान एवं झंडा गीत का गायन किया।
एनसीसी के विद्यार्थियों ने परेड की। अतिथियों का विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सुभाष चन्दर ने स्वागत किया। अपने संबोधन में प्राचार्य ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता के साथ विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों ने नृत्य, बाल वाटिका के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, माध्यमिक कक्षा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। रानी अवंतिका को विषय मानते हुए विद्यार्थियों ने एक लघु नाटिका प्रस्तुत की और योग प्रदर्शन किया।
विद्यालय के शिक्षक एमएल बाचले ने पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धि बताते हुए सभी विद्यार्थियों को निरन्तर आगे बढ़ते हुए स्वयं का, माता-पिता का एवं विद्यालय का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि ने अपने आशीर्वचनों में विद्यार्थियों को निरन्तर परिश्रम करने एवं देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ शिक्षक रामसिंह मीणा ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शीतल सलारिया प्राचार्य प्रूफ पब्लिक स्कूल, ब्रिगेडियर संजय छिकारा डिप्टी कमांडेंट सीपीई इटारसी, नामित अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति, लेफ्टिनेंट कर्नल वरुण कुमार, कर्नल प्रशासनिक स्थापना सीपीई इटारसी, सूबेदार मेजर लिनेश कुमार सीपीई इटारसी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। संचालन शिक्षिका मनीषा त्रिपाठी के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चों ने किया।










