इटारसी। कला साहित्यिक सांस्कृतिक मंच के सहयोग से सुधार न्यास कॉलोनी स्थित श्रीमद् भागवत कथा पंडाल में एक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। भक्ति और साहित्य के इस संगम में देर रात तक श्रोता मंत्रमुग्ध होकर जमे रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कथावाचक सुनील आनंद महाराज रहे। आयोजन की शुरुआत में आशीष भदौरिया और जागृति भदौरिया ने व्यासपीठ का पूजन किया। मंच के अध्यक्ष राजकुमार दुबे ने स्वागत भाषण दिया, जिसके बाद कवियों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया।
कवि सम्मेलन में मंगला केवट नर्मदापुरम, नर्मदा प्रसाद हरियाले, पवन प्रबल पिपरिया, मनोज हिंदुस्तानी शाहपुर, ब्रजकिशोर पटेल इटारसी ने अपनी रचनाएं सुनायीं। कवि सम्मेलन का समापन मुख्य अतिथि सुनील आनंद महाराज की मार्मिक पंक्तियों ‘मत बांधो तुम पानी को, इसको खुलकर बहने दो’ के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन हास्य व्यंग्य कवि ब्रजकिशोर पटेल ने किया। अंत में रामचरण नामदेव ने सभी सहयोगियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।










