इटारसी। शहर में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। इन सभी के खिलाफ पुलिस की ओर से प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
अवैध शराब के साथ आरोपी
पुलिस ने गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से बनाई गई हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है। 18 बंगला क्षेत्र रनिंग रूम के सामने से बंगाली कॉलोनी निवासी आरोपी सौरभ हवलदार 26 वर्ष को गिरफ्तार किया। नाला मोहल्ला पीली खदान के पास से खटामा थाना पथरोटा निवासी आरोपी अर्जुन मेहरा 19 वर्ष को पकड़ा। सूरजगंज बांस डिपो के पास से आरोपी ज्योति बाई कुचबंदिया 30 वर्ष को शराब के साथ गिरफ्तार किया।
सार्वजनिक महफिल वालों पर भी गाज
खुलेआम सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से शराब, डिस्पोजल, पानी के पाउच और नमकीन आदि सामग्री जब्त की है।
- बैलबाजार : इस सार्वजनिक इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने न्यास कॉलोनी निवासी आरोपी विशाल भाट 22 वर्ष और नाला मोहल्ला निवासी आरोपी किशोर सोलंकी 46 वर्ष को पकड़ा।
- पुरानी इटारसी : जमानी रोड क्षेत्र से प्यासा नगर निवासी आरोपी भीम सिंह राजपूत 45 वर्ष पर कार्रवाई की गई।
- मालवीयगंज : बूढ़ी माता मंदिर के पास से आरोपी अभिनव केवट 24 वर्ष को सार्वजनिक स्थल पर नशा करते हुए पकड़ा।











