डोलरिया। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोलरिया थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ऑटो से गांजे की तस्करी कर रहे दो युवकों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 210 ग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत 50,000 रुपए) और घटना में प्रयुक्त ऑटो (अनुमानित कीमत 80,000 रुपए) जब्त किया है।
यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर पकड़ा
8 सितम्बर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग के ऑटो में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम रतवाड़ा (चंदवाड़ नहर माइनर के पास, यात्री प्रतीक्षालय के सामने) घेराबंदी कर ऑटो को रोका। तलाशी लेने पर बोरी में रखी दो थैलियों में से 3 किलो 210 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में आरोपी भव्य मेवारी निवासी सदर बाजार, नर्मदापुरम, जयंत मौर्य, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नर्मदापुरम और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है।
एसपी साई कृष्णा एस थोटा, एएसपी अभिषेक राजन एवं एसडीओपी सिवनी मालवा महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण चौहान, उपनिरीक्षक गणेश रघुवंशी, एएसआई दुर्गेश मालवीय, एएसआई नरेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक संदीप पटेल, मुकेश ठाकरे, शैलेंद्र कहार एवं आरक्षक राहुल सोलंकी, आकाश हुरमाले व तीर्थ कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।










