इटारसी। प्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0Ó के तहत आज हायर सेकंडरी स्कूल बांदरी में एक जन-जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम, साईं कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन में किया।
पथरौटा थाना प्रभारी मोनिका गौर अपनी टीम के साथ छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचीं और उन्हें नशे के दलदल से दूर रहने के लिए जागरूक किया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी मोनिका गौर ने नशे के विनाशकारी दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बेहद संवेदनशील और प्रभावी ढंग से समझाते हुए कहा ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह हमारे युवाओं के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया जाने वाला सबसे पहला और ज़रूरी कदम है।
उन्होंने आगे सचेत किया कि नशा न केवल किसी व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को पूरी तरह बर्बाद कर देता है, बल्कि हंसते-खेलते पूरे परिवार को अंधकार में धकेल देता है। नशे की लत से ग्रस्त व्यक्ति खुद तो परेशान होता ही है, साथ ही अपनी इस लत को पूरा करने के लिए वह आगे चलकर चोरी, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए मजबूर हो जाता है।
नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जो लोग इस लत का शिकार हो चुके हैं, उन्हें चिन्हित कर पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाना और सही इलाज देकर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना कार्यक्रम का मकसद है। पुलिस ने युवाओं से पुरजोर अपील की कि वे स्वस्थ तन, सशक्त मन और सुरक्षित भविष्य के लिए नशे को ‘ना’ कहें और जीवन को हां कहें। इस सामाजिक लड़ाई में पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपेक्षा की है।
थाना प्रभारी मोनिका गौर ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ को जीवन में कभी भी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके साथ ही युवाओं की मदद के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स भी साझा किए गए।
- ड्रग्स हेल्पलाइन नंबर : 1933
- पुलिस हेल्पलाइन नंबर : 112
इस अवसर पर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य रामकुमार कुर्मी, जय, विनोद वारिवा, कुलदीप पटेल, श्याम गालर, जियाउद्दीन खान, संदीप महाला, आलोक दुबे, प्रियंका तिवारी, दुर्गेश नंदनी सोनी, विनीता सराठे सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











