इटारसी। पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 2 अवैध देशी पिस्टल और कारतूस जब्त किए हैं।
24-25 सितंबर की दरम्यानी रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंकित वर्मा और शुभम केवट अवैध पिस्टल लेकर घूम रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना स्तर से दो अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थानों पर भेजी गईं, जिन्होंने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों और जब्त सामग्री
आरोपी अंकित वर्मा: पिता शेरसिंह वर्मा (उम्र 31 वर्ष), निवासी पानी की टंकी के पास, सोनासांवरी। पुलिस ने इसके पास से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल एमपी 05, जेड एल 1159, एक देशी पिस्टल और 2 कारतूस जब्त किए हैं।
आरोपी शुभम केवट: पिता उमाशंकर केवट (उम्र 30 वर्ष), निवासी सोनासांवरी नाका जाटव मोहल्ला, इटारसी। इसके पास से एक देशी पिस्टल और 1 कारतूस जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 1,30,000 रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना इटारसी में पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ पांडे, उप निरीक्षक विपिन पाल, सहायक उप निरीक्षक दिनेश झरबड़े, प्रधान आरक्षक मनमोहन, संदीप अजनेरिया, आरक्षक मुकेश झाड़े, रोहित यादव, और महेन्द्र गुर्जर की अहम भूमिका रही।










