इटारसी। लोकसभा चुनावों की तैयारियों और सतर्कता के तहत टै्रफिक पुलिस लगातार काम कर रही है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में बीती रात न्यास कालोनी में पुलिस दल ने वाहनों की जांच की और सारे कागजात चेक किया। खासकर इस प्रक्रिया में नशा करके वाहन चलाने वालों की शामत आयी हैं। ब्रीथ एनॉलाइजर से उनके नशे को जांचा जा रहा है और चालानी कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि होली पर्व पर शांतिपूर्वक त्योहार मनाने पुलिस ने नशा करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। पुलिस के इस प्रयास का असर यह रहा कि ज्यादातर लोग नशे में वाहन चलाने से परहेज करते रहे या फिर दायें-बायें रास्तों से निकल गये। इटारसी और सोहागपुर पुलिस ने होली की रात सबसे अधिक नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ 4-4 चालानी कार्रवाई की।
नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई होली के बाद भी जारी है। इससे नशा करके वाहन चलाने वालों की संख्या में कमी आयी है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि यह अभियान सतत चलेगा और ट्रैफिक इंचार्ज सुनील घावरी अपनी टीम के साथ लगातार यातायात व्यवस्था सुधार में प्रयास करते रहेंगे।