इटारसी। शहर में बिना किसी पुलिस वेरिफिकेशन के बाहर से आकर व्यापार करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए पुलिस ने ऐसे व्यापारियों और सेल संचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
बिना वेरिफिकेशन व्यापार करने वालों पर कार्रवाई
पिछले कुछ समय से शहर में बाहरी लोगों द्वारा बिना किसी स्थानीय पहचान या पुलिस सत्यापन के व्यापार करने और अस्थाई सेल लगाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शहर में संचालित विभिन्न सेल के संचालकों से सघन पूछताछ की है।
थाने में जमा करने होंगे सभी जरूरी दस्तावेज
सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सेल संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। अब सभी संचालकों को अनिवार्य रूप से स्वयं की और अपने यहां काम करने वाले सभी कर्मचारियों की फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति और संबंधित जगह का रेंट एग्रीमेंट स्थानीय थाने में जमा करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहचान छिपाकर या बिना दस्तावेजों के व्यापार करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।
विधायक भी जता चुके हैं मामले पर गहरी चिंता
बाहर से आकर बिना पहचान के अस्थाई व्यापार करने वालों की बढ़ती संख्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ सीतासरन शर्मा भी पूर्व में अपनी गहरी चिंता व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर ऐसे व्यापारियों के सत्यापन की आवश्यकता पर बल दिया था। जन प्रतिनिधियों की चिंता और नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस का यह कदम शहर की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










