इटारसी। पुणे से दिल्ली जा रहे छात्र-छात्राओं को इटारसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर एक निजी रिसोर्ट में रोके जाने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ करार दिया है।
रातभर मिलने नहीं दिया गया, छात्रों ने की भूख हड़ताल
कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने बयान जारी कर बताया कि 8 अक्टूबर की शाम को गोवा एक्सप्रेस से उतारे गए छात्रों जिसमें कुछ छात्राएं भी शामिल थीं, उनको पुलिस ने एक निजी रिसोर्ट में रातभर रोक कर रखा। जब कांग्रेस संगठन के साथी विजय बाबू चौधरी, गुफरान अंसारी, मोहम्मद कादिर लक्की, गौतम मैना और जावेद शेख रात में रिसोर्ट पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें छात्रों से मिलने नहीं दिया। सुबह जानकारी मिली कि डिटेन किए गए छात्र-छात्राएं इस कार्रवाई के विरोध में भूख हड़ताल पर हैं।
चर्चा के बाद छात्रों को दी गई पुणे वापसी की अनुमति
नर्मदापुरम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, इटारसी एसडीओपी और जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे से निरंतर चर्चा के बाद, 9 अक्टूबर की शाम 7 बजे कांग्रेस महासचिव को छात्रों से मिलने की अनुमति मिली। इस दौरान संगठन से जुड़े छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन के साथ चर्चा की।
लगभग 22 घंटे तक डिटेन रहे छात्र-छात्राओं जिनमें एआईएसएफ से श्रावणी बुवा, प्रीति लोंढे और एनएसयूआई से निहारिका भोसले, आकाश नवले, कपिल चव्हाण शामिल हैं, की सहमति के बाद उन्हें पुणे वापस भेजने का निर्णय लिया। इसके बाद, पिछले 26 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठी एनएसयूआई की निहारिका भोंसले और आकाश नवले का अनशन कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने जूस पिलाकर समाप्त कराया। अंतत: रात्रि 10 बजे पुलिस प्रशासन की सुरक्षा और निजी साधन से सभी छात्र-छात्राओं को इटारसी से पुणे के लिए रवाना किया।











