---Advertisement---

भीषण गर्मी में जल संकट पर सियासत गरमाई, नपाध्यक्ष के बंगले पर पार्षदों का ‘बिना पानी नहाने’ का अनोखा प्रदर्शन

By
On:
Follow Us
Bachpan play school advertisement

इटारसी। शहर में भीषण गर्मी के बीच गहराए जल संकट को लेकर गुरुवार सुबह जमकर सियासी ड्रामा देखने को मिला। पानी की किल्लत से जूझ रहे करीब आधा दर्जन वार्डों के कांग्रेस पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने सुबह 10 बजे नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के निवास के सामने पहुंचकर एक अनोखा और तीखा प्रदर्शन किया। वार्ड 16 के पार्षद अमित कापरे के नेतृत्व में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने नपा अध्यक्ष के बंगले के सामने ‘बिना पानी के ही नहाने’ का अभिनय (प्रदर्शन) कर शहर की बदहाल जल व्यवस्था पर अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन की भनक लगते ही नपा अध्यक्ष पंकज चौरे अपने निवास से बाहर आए, उन्होंने कांग्रेस पार्षदों की समस्याओं को विस्तार से सुना और जल्द ही उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

खुद के खर्च पर 700 रुपए में टैंकर मंगा रहे पार्षद

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वार्ड 16 के पार्षद अमित कापरे ने नपा प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कांग्रेस के पार्षद और जनप्रतिनिधि अपने निजी खर्च पर 700 रुपए प्रति टैंकर देकर, डीजल और ड्राइवर का भुगतान नगद कर वार्ड वासियों को पीने का पानी उपलब्ध करा रहे हैं। इसके बावजूद नगर पालिका सोई हुई है। करोड़ों की जलावर्धन योजना के बाद भी इस भीषण गर्मी में शहर प्यासा है। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से वार्ड 14 के पार्षद संजय ठाकुर, वार्ड 34 की पार्षद श्रीमती अंजलि करोसिया, वार्ड 17 के पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक साहू, वार्ड 3 से युवा कांग्रेस पदाधिकारी गौरव चौधरी और पार्षद प्रतिनिधि पप्पी कलौशिया शामिल रहे।

पार्षद के घर में भी नहीं आ रहा पानी

पुरानी इटारसी के वार्ड 34 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती अंजलि कलसिया ने नपा अध्यक्ष से सीधी शिकायत की। उन्होंने कहा, पूरे वार्ड में हाहाकार मचा है और नपा टैंकर तक नहीं भेज रही। स्थिति इतनी बदतर है कि खुद मेरे (पार्षद) घर में भी पीने का पानी नहीं आ रहा है। जब जनप्रतिनिधि प्यासे हैं, तो जनता का क्या हाल होगा?

युवा कांग्रेस की ‘जल सेवा’ पर लगा प्रतिबंध

युवा कांग्रेस के पदाधिकारी गौरव चौधरी (वार्ड 3) ने बताया कि आधी रात को भी फोन आने पर युवा कांग्रेस द्वारा जरूरतमंद क्षेत्रों में टैंकर से पानी भेजा जा रहा था। लेकिन अब ‘पीपल मोहल्लाÓ स्थित ट्यूबवेल से टैंकरों में पानी भरने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिसके कारण विवश होकर युवा कांग्रेस को अपनी टैंकर जल सेवा बंद करनी पड़ी है।

काम रोकने के लिए की जा रही हैं शिकायतें

मामले में पक्ष रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पार्षदों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नपा हर संभव प्रयास कर रही है।

  • 1000 परिवार को टैंकरों से पानी : शहर के ऐसे 1000 परिवार हैं जहां पाइपलाइन नहीं है, वहां नपा की जल शाखा द्वारा सुबह से रात तक विशेष रूप से टैंकरों से पानी बंटवाया जा रहा है।
  • विकास कार्यों में अड़ंगा : नपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ लोग नगर पालिका के विकास कार्यों में जानबूझकर अड़चनें पैदा कर रहे हैं। कभी पानी तो कभी बस स्टैंड परिसर की शिकायतें जनसुनवाई में कर काम को प्रभावित किया जा रहा है ताकि हमें ठीक से काम न करने दिया जाए।
  • जलावर्धन पर काम जारी : जलावर्धन योजना का कार्य युद्धस्तर पर तेजी से चल रहा है। बहुत जल्द इस कार्य को पूरा कर शहरवासियों को स्थाई रूप से पानी की सुचारू सुविधा दे दी जाएगी।

Manju Thakur

मंजू ठाकुर वरिष्ठ पत्रकार एवं Narmadanchal.com के संस्थापक-संपादक हैं। वे वर्ष 2004 से नर्मदांचल क्षेत्र और मध्य प्रदेश की स्थानीय, सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़ी खबरों का संपादन और प्रकाशन कर रही हैं। उन्होंने बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल से संस्कृत में स्नातकोत्तर, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक तथा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। पत्रकारिता के साथ-साथ वे डिजिटल मीडिया, समाचार संपादन एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी अनुभव रखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचार पहुँचाना है।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.