इटारसी। नौतपा ढलते ही और जून की शुरुआत के साथ ही नर्मदापुरम जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जिले की विभिन्न तहसीलों से आ रही बारिश की खबरें किसानों और आम जनता के चेहरों पर मुस्कान लेकर आई हैं। जिले के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम और तेज बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले की विभिन्न तहसीलों में बारिश दर्ज की गई है, जिसमें डोलरिया तहसील सबसे आगे रही।
कहां, कितनी वर्षा
डोलरिया पिछले चौबीस घंटे में 10.00 मिमी, अब तक कुल 18.2 मिमी, नर्मदापुरम 4.6 मिमी, 19.8 मिमी, इटारसी 3.1 मिमी, 5.1 मिमी, सोहागपुर 2.00 मिमी, 11 मिमी, सिवनी मालवा 02.00 मिमी, 08.00 मिमी, पिपरिया में वर्षा नहीं हुई जबकि अब तक यहां कुल 12.9 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। बनखेड़ी में अब तक कुल 3.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
किसानों के चेहरे खिले, नौतपा की तपिश से मिली राहत
मौसम विभाग और स्थानीय जानकारों का कहना है कि यह बारिश आगामी खरीफ फसल की तैयारियों के लिए बेहद शुभ संकेत है। इस शुरुआती फुहार और नमी से किसान अब अपने खेतों की हकाई-जुताई के काम में तेजी ला सकेंगे।
पिपरिया और बनखेड़ी में आज भले ही बादल बिना बरसे गुजर गए हों, लेकिन वहां भी ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। कुल मिलाकर, नर्मदापुरम तहसील 19.8 मिमी की कुल बारिश के साथ जिले में सबसे आगे चल रही है। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता और बढऩे की उम्मीद जताई जा रही है। आने वाले 24 से 48 घंटों में जिले के कुछ और हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पडऩे की पूरी संभावना है।









