इटारसी। श्रीकृष्ण जन्म अष्टमी के अवसर को भव्यता प्रदान करने श्री द्वारिकाधीश मंदिर (Shri Dwarkadhish Mandir) में जोरदार तैयारी की जा रही है। मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। विद्युत बल्वों की रोशनी में कर्मयोगी का जन्मदिन 30 अगस्त को भक्तिभाव से मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक जसबीर सिंघ छाबड़ा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्म अष्टमी के अवसर पर सुबह 8 बजे श्री द्वारिकाधीश का अभिषेक होगा। इसके बाद श्रंगार और दर्शन होंगे। शाम को आरती के बाद प्रसाद में पेड़ा वितरण होगा। रात्रि 12 बजे जन्म के बाद आरती, घंटे, शंख ध्वनि के साथ भक्त भगवान की शान में भक्तिभाव से झूमेंगे। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पंजीरी का प्रसाद वितरण होगा। इस अवसर पर मनमोहन झांकी सजायी जाएगी। श्री छाबड़ा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर रात्रि 8:30 बजे से मंदिर परिसर में होशंगाबाद के मां कात्यायिनी जागरण ग्रुप द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें संचालक प्रमोद सोनी और गायिका पदमा साहू अपने साथी कलाकारों के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे।










