इटारसी। तवानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रानीपुर स्थित प्राथमिक शाला में एक शिक्षक द्वारा मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित छात्राओं के परिजनों और गांव की महिलाओं ने स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी शिक्षक थाने में एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला रानीपुर में पदस्थ शिक्षक अजय मेहरा पर छात्राओं को मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाने और उनके साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप है। ग्रामीणों और महिलाओं का कहना है कि उक्त शिक्षक को पूर्व में भी दो बार इस तरह की हरकतों के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन उसकी आदतों में सुधार नहीं आया।
गुरुवार को मामला बढऩे पर परिजनों का सब्र टूट गया और बड़ी संख्या में महिलाएं स्कूल परिसर में पहुंच गईं। महिलाओं ने आरोपी शिक्षक अजय मेहरा को घेरकर उसकी जमकर क्लास ली और पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची।
तवानगर थाने में एफआईआर की कार्रवाई जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीडि़त छात्राओं के परिजन तवानगर थाने पहुंचे, जहां आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा रही है। तवानगर थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि पालकों की शिकायत पर वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। थाने में महिला अधिकारी उपलब्ध न होने के कारण इटारसी से महिला पुलिस अधिकारी को विशेष रूप से बुलाया गया है, जो छात्राओं और परिजनों के बयान दर्ज कर रही हैं।











