बनखेड़ी। जिला समन्वय समिति नर्मदापुरम के तत्वावधान में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा स्थानीय गोविंद प्लेस में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए 108 औषधीय और छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया।
समारोह में गायत्री शक्तिपीठ पिपरिया के मुख्य ट्रस्टी सुबोध बरौलिया, व्यवस्थापक उमेश सिंह पटेल, विशिष्ट अतिथि जगदीश प्रसाद मेहरा, सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य हरगोविंद मालवी, मॉडल हाई स्कूल के प्राचार्य, जिला समन्वय समिति बनखेड़ी के सदस्य कैलाश राय, प्रेम नारायण पटेल और पुरुषोत्तम चौधरी सहित कई वरिष्ठ गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
शिक्षकों का हुआ विशेष सम्मान
कार्यक्रम के दौरान परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले शिक्षकों को गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित प्रेरणादायी साहित्य, देव स्थापना चित्र और एक-एक पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के प्रसार के साथ भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
पर्यावरण और संस्कारों का अनूठा संगम
वक्ताओं ने मानव जीवन में संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ना आज की बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को 108 औषधीय पौधे बांटे गए। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नागरिक मौजूद रहे।











