इटारसी। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी के प्राध्यापकों द्वारा कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत क्षेत्राधिकार में आने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों एवं विद्यार्थियों से संपर्क किया गया। इस अभियान के तहत रेनबो पब्लिक स्कूल इटारसी तथा नालंदा मॉडल स्कूल इटारसी से संपर्क कर कॉलेज चलो अभियान की जानकारी दी गई।
रेनबो पब्लिक स्कूल के संचालक नीलेश जैन तथा नालंदा मॉडल स्कूल की प्राचार्या श्रीमती भारती चौकसे ने कहा कि शासन द्वारा संचालित कॉलेज चलो अभियान, विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर के संबंध में निर्णय लेने में सुविधा प्रदान करता है जो उन्हें भविष्य के लिए बेहतर तरीके से तैयार कर सकता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ .आरएस मेहरा ने कहा कि सुदूर क्षेत्र के विद्यार्थियों के प्रवेश को बढ़ाने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की जानकारी देने एवं प्रदेश के सकल पंजीयन अनुपात के लक्ष्य को हासिल करने के उद्देश्य से महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा सघन रूप से कॉलेज चलो अभियान चलाया जा रहा है।
कॉलेज चलो अभियान प्रभारी डॉ. शिरीष परसाई ने कहा कि शासन की बहुउद्देशीय योजना कॉलेज चलो अभियान का उद्देश्य नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक महाविद्यालय में उपलब्ध समस्त संसाधनों, शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंचाना एवं छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में महाविद्यालय में प्रवेश लेने हेतु प्रेरित करना है। डॉ. संजय आर्य ने बताया कि छात्राओं एवं शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें महाविद्यालय मे प्रवेश संबंधी जानकारी, विभिन्न छात्रवृत्तियों एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई।
डॉ. नेहा सिकरवार तथा कु. करिश्मा कश्यप ने छात्राओं को उच्च शिक्षा में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा कॉलेज चलो अभियान के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राध्यापकों के प्रयासों की सराहना की।