इटारसी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आज 11 सितंबर को शहर के वार्ड नंबर 22 स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक सफल ‘संपर्क अभियान शिविर’ का आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना और उन्हें नई तकनीकी जानकारियों से अवगत कराना था।शिविर में प्राप्त 1 नवीन कनेक्शन, 4 ‘नो बिल’ से संबंधित शिकायतों और 2 नाम परिवर्तन के आवेदनों का मौके पर ही सफल निराकरण किया गया।
शिविर का मुख्य आकर्षण स्मार्ट मीटर को लेकर जागरूकता रहा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के सामने स्मार्ट मीटर और सामान्य मीटर को समानांतर (पैरेलल) लगाकर उनमें लोड दिया। इस डेमो के जरिए उपभोक्ताओं को दिखाया गया कि दोनों मीटरों की खपत (रीडिंग) में कोई अंतर नहीं है, जिससे स्मार्ट मीटर की सटीकता को लेकर लोगों की शंकाएं पूरी तरह दूर हो गईं।
इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिली, बल्कि स्मार्ट मीटर को लेकर उनका विश्वास भी बढ़ा है।










