इटारसी। केसला क्षेत्र में प्रस्तावित प्रूफरेंज विस्तार को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। क्षेत्र में चल रही चर्चाओं और जारी किए गए सरकारी पत्रों के विरोध में, हाल ही में आयोजित ग्राम सभाओं में लोगों ने इस विस्तार को रद्द करने के लिए प्रस्ताव पारित किए हैं।
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर को आयोजित एक दर्जन से अधिक ग्राम सभाओं में सर्वसम्मति से प्रूफरेंज विस्तार के विरोध में प्रस्ताव पारित किए।
हाट बाजार में प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन को सार्वजनिक करते हुए, साधपुरा के स्थानीय हाट बाजार में क्षेत्र के नागरिकों ने बैनर और पोस्टर हाथ में लेकर जोरदार नारेबाजी की। लोगों ने निम्नलिखित नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की।
- प्रस्तावित प्रेफरेंस विस्तार को रद्द करो, रद्द करो।
- दिल्ली-भोपाल की सरकार, होश में आओ, होश में आओ।
- गांव को उजाडऩा बंद करो, बंद करो।
- गरीब मजदूर, किसान को उजाडऩा बंद करो, बंद करो।
- क्षेत्रीय विधायक, सांसद होश में आओ, होश में आओ।
किसान आदिवासी संगठन केसला और ग्राम छीतापुरा के प्रतिनिधि मंडल ने इस विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी की।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल कपिल खण्डेलवार, दुलेश उईके और फागराम ने कहा कि यह विस्तार गरीब मजदूरों और किसानों को उजाडऩे का काम करेगा, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित प्रूफरेंज विस्तार को तत्काल रद्द किया जाए।








