इटारसी। समरसता युवा मंच इटारसी द्वारा 10 नवंबर सोमवार को समरसता मिलन एवं सहभोज का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में इटारसी नगर के सभी सम्मानीय स्वच्छता दूतों के साथ सहभोज एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कार्यक्रम स्थल प्रिंस पैराडाइस गार्डन, धौंखेड़ा तिराहा पर आयोजन समिति की बैठक में तैयारी व योजना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभापति राकेश जाधव ने बताया कि बैठक का संचालन समरसता युवा मंच के संयोजक अभिषेक तिवारी एवं अध्यक्षता हरप्रीत छाबड़ा द्वारा की गई। समरसता युवा मंच के अध्यक्ष मनजीत कलोसिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा सबके समक्ष प्रस्तुत की, सभी सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। अंत में आभार कुलदीप रघुवंशी ने प्रकट किया। बैठक में बड़ी संख्या में आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष, पार्षद सहित समाजसेवी एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक एक साथ पंक्ति में बैठकर 350 से अधिक स्वच्छता दूतों के साथ सहभोज कर सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।








