इटारसी। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन के चलने से इटारसी जंक्शन और नर्मदापुरम से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट के लिए परेशान होना पड़ता है। पश्चिम मध्य रेल द्वारा यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 22 ट्रिप (11-11 सेवाएं) लगाएगी।
यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल और इटारसी कनेक्शन
गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 12 अक्टूबर से 16 नवम्बर तक हर सोमवार और शुक्रवार को रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 14:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन नर्मदापुरम और इटारसी जंक्शन होते हुए पिपरिया के रास्ते अगले दिन सुबह 09:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 13 अक्टूबर से 17 नवम्बर तक हर मंगलवार और शनिवार को दानापुर से सुबह 11:20 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में भी यह ट्रेन इटारसी और नर्मदापुरम में रुकते हुए अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
24 कोच के साथ इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 24 आईसीएफ कोच उपलब्ध रहेंगे। रानी कमलापति से शुरू होकर यह ट्रेन मुख्य रूप से नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए दानापुर तक जाएगी।
त्योहारों के समय इटारसी देश के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक होता है, जहां नियमित ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती। इस अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेन के चलने से इटारसी और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को अपने घर पहुंचने के लिए एक सुगम और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा, जिससे अन्य नियमित ट्रेनों का यात्री भार भी कम होगा।








