इटारसी। शहर के व्यस्त न्यास कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एमजीएम कॉलेज के समीप एक बड़े नाले में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने एक बेहद सराहनीय और त्वरित कदम उठाया है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नाले के खतरनाक हिस्से के किनारे मजबूत ग्रीन नेट (सुरक्षा जाली) लगा दी गई है, जिससे स्थानीय रहवासियों और छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली है।
यह मार्ग कॉलेज रोड होने के कारण घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां से रोज बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का आना-जाना रहता है। नाले की खुली स्थिति और सुरक्षा प्रबंधों के अभाव के चलते यहां पूर्व में कई बार हादसे हो चुके थे, जिससे लगातार जनहानि का खतरा बना हुआ था। इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से महसूस करते हुए नगर पालिका ने सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग और नेट लगाने का यह कार्य पूरा किया है।











