सिवनी मालवा। सकल रघुवंशी समाज ने जनसुनवाई के दौरान तहसीलदार को नर्मदापुरम कमिश्नर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसडीएम कोर्ट में पदस्थ दो बाबुओं मुन्नालाल साहू और राहुल शर्मा के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गईं। समाज का आरोप है कि ये दोनों बाबू बिना ‘लेन-देन’ के कोई भी काम नहीं करते हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि रघुवंशी समाज के अधिकांश लोग किसान हैं और उनके कई मामले एसडीएम कोर्ट में लंबित हैं। समाज का कहना है कि मुन्नालाल साहू, जिनका मूल विभाग कृषि उपज मंडी समिति बानापुरा है, और राहुल शर्मा, जो नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा में दैनिक वेतन भोगी के रूप में कार्यरत हैं, रिश्वत लिए बिना आवेदकों के हस्ताक्षर तक नहीं कराते। कई प्रकरण दो-दो वर्षों से लंबित हैं, जबकि जिन लोगों ने ‘सेवा शुल्क’ दिया है, उनके काम दिनों में ही पूरे कर दिए जाते हैं।
समाज ने मांग की है कि पिछले तीन वर्षों में लगे सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच की जाए, और जो मामले लंबित हैं, उनका कारण पता लगाया जाए। उन्होंने दोषी बाबुओं और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समाज ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले दोनों बाबुओं का पुतला दहन किया जाएगा, जिसके बाद उनके संरक्षक अधिकारियों का भी पुतला दहन होगा। समाज ने चरणबद्ध अनिश्चितकालीन आंदोलन की भी घोषणा की है, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।










