इटारसी। भारतीय युवा कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिवस देश भर में न्याय दिवस के रूप में मनाया। इसी श्रृंखला में इटारसी के जयस्तंभ चौक पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य अतिथि के रूप में हरदा विधायक रामकृष्ण दोगने एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा उपस्थित रहे।
राहुल गांधी के विचारों पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन
कार्यक्रम की शुरुआत में गुफरान अंसारी ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद राहुल गांधी के जीवन, विचारों और जनहित के मुद्दों पर आधारित एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। इस फिल्म में नीट परीक्षा पेपर लीक, छात्र हित, बेरोजगारी, महंगाई, जातीय जनगणना और संविधान की रक्षा जैसे प्रमुख विषयों पर राहुल गांधी के संघर्षों को प्रदर्शित किया।
केक काटा और किया भोजन वितरण
फिल्म प्रदर्शन के पश्चात अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी की दीर्घायु की कामना की और न्याय व लोकतंत्र के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद जय हो ग्रुप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से बड़ी संख्या में आम नागरिकों को भोजन वितरित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रामकृष्ण दोगने ने कहा कि राहुल गांधी देश में न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत आवाज हैं। पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के विचार देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने से सकारात्मक बदलाव आएगा। जिला अध्यक्ष सहित नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बताया। जय हो ग्रुप के अध्यक्ष सागर सेन ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष कटकवार, पंकज राठौर, नीलम गांधी, पार्षद सीमा भदौरिया, दिलीप गोस्वामी, गजानन तिवारी, जावेद शेख, मोहम्मद कादिर, लाली सलूजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, सामाजिक कार्यकर्ता और शहरवासी उपस्थित थे।











