इटारसी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इटारसी जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्यों का शनिवार को रेलवे बोर्ड सदस्य विवेक कुमार गुप्ता ने सघन निरीक्षण किया। जोनल और मंडल अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने नवनिर्मित फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, एस्केलेटर, लिफ्ट और सर्कुलेटिंग एरिया का बारीकी से जायजा लिया।
श्री गुप्ता ने प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मध्य भारत के इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर यात्री सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, जिससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और तय समय-सीमा के भीतर प्रोजेक्ट पूरा करने पर विशेष जोर दिया।











