इटारसी। भारतीय रेलवे ने 2026 के ग्रीष्मकाल में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वलसाड-दुर्गापुर-वलसाड के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 09143/09144 पश्चिम मध्य रेल के इटारसी सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
गाड़ी संख्या 09143 वलसाड से 25 अप्रैल को दोपहर में रवाना होकर अगले दिन मध्यरात्रि 02 बजे इटारसी और सुबह 05:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09144 दुर्गापुर से 27 अप्रैल को सुबह रवाना होकर रात में सतना, कटनी और अगले दिन तड़के जबलपुर व इटारसी होते हुए शाम को वलसाड़ पहुंचेगी।
इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए हैं, जिनमें 04 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 12 शयनयान श्रेणी और 04 सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। यात्री इस विशेष सेवा के ठहराव और समय की विस्तृत जानकारी रेल मदद नंबर 139 या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।







