इटारसी/केसला। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर केसला और इटारसी के बीच 11 मुखी हनुमान मंदिर के पास गुरुवार को भारी बारिश के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पहले एक ट्रक के फंसने और फिर अचानक सड़क पर पेड़ गिरने से कई घंटों तक वाहनों का आवागमन ठप रहा।
गुरुवार शाम करीब 4 बजे पहले एक ट्रक सड़क पर फंस गया था। पुलिस और प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे हटाकर रास्ता खोला ही था कि कुछ ही देर बाद सड़क किनारे लगा एक पेड़ गिर गया, जिससे दोनों ओर का यातायात फिर से रुक गया। पेड़ गिरने से जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि बागदेव के जंगल क्षेत्र तक करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।

लगातार हो रही बारिश और घंटों लंबे जाम के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद सड़क से गिरे हुए पेड़ को हटाया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।











