- दोनों मैदान में रामलीला देखने देर रात तक बैठे रहे श्रद्धालु
इटारसी। नगर के गांधी मैदान और वीर सावरकर दशहरा मैदान पर आज से श्री रामलीला दशहरा महोत्सव की शुरुआत हुई। इस महोत्सव का आयोजन नगर पालिका परिषद इटारसी की ओर से हर वर्ष किया जाता है।
श्री बालकृष्ण लीला संस्थान वृंदावन द्वारा गांधी मैदान में पहले दिन श्री गजानन प्रसन्न पूजन, नारद मोह का मंचन किया गया। वीर सावरकर दशहरा मैदान में पहले दिन राजा मनु और शतरुपा की तपस्या, श्रीराम जन्म और बाल लीला का मंचन किया।
गांधी मैदान में श्री रामलीला दशहरा महोत्सव की शुरुआत सीएमओ रितु मेहरा ने अधिकारियों के साथ की और भगवान श्री लक्ष्मी नारायण की आरती उतार कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, पार्षद अमित विश्वास, राहुल प्रधान, कुंदन गौर, पार्षद प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल, नगर पालिका कर्मचारी रविन्द्र जोशी, राजेन्द्र शर्मा, राजेश सराठे सहित अनेक कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
वीर सावरकर मैदान में श्री जगदंबा मंडल मैहर के कलाकार रामलीला कर रहे हैं। यहां नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत ने श्री रामलीला का शुभारंभ कराया। क्षेत्र के पार्षदगण और गणमान्य नागरिक भी इस मौके पर मौजूद रहे।










