नर्मदापुरम। बीसीसीआई रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने शुभम शर्मा की कप्तानी में 17 सदस्यीय सीनियर टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में नर्मदापुरम संभाग के तीन बेहतरीन खिलाडिय़ों यश दुबे, अथर्व महाजन और हिमांशु शिंदे को शामिल किया गया है।
अथर्व महाजन का शानदार प्रदर्शन : हाल ही में बेंगलुरु केएम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 गेंदों पर 140 रनों की धमाकेदार मैच जिताऊ पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज अथर्व को अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के बाद अब सीनियर टीम में जगह मिली है।
हिमांशु और यश का चयन : युवा खिलाड़ी हिमांशु शिंदे को एमपीएल और अंतर-संभागीय मैचों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का इनाम मिला है। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज यश दुबे लंबे समय से रणजी स्तर पर प्रदेश की टीम का अहम हिस्सा रहे हैं।
कोचिंग और ट्रेनिंग कैंप : मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित और फील्डिंग कोच अब्दुस समद खान के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों का ट्रेनिंग कैंप 2 अक्टूबर से इंदौर के होलकर स्टेडियम में शुरू होगा। कैंप से पहले सभी खिलाडिय़ों का फिटनेस टेस्ट होगा।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के सचिव प्रदीप सिंह तोमर, एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा और संघ के अन्य पदाधिकारियों ने तीनों खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं।










