इटारसी। नर्मदापुरम जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन फसल मूंग एवं उड़द के उपार्जन हेतु ई-उपार्जन पोर्टल पर कृषकों के पंजीयन की प्रक्रिया सोमवार, 25 मई से शुरू होने जा रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले भर में किसानों की सुविधा के लिए तहसीलवार 132 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए हैं।
25 मई से 15 जून तक का समय
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है। 25 मई से शुरू होकर पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जून तक रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों को निर्देशित किया है कि इस अवधि के भीतर सभी पात्र किसानों के पंजीयन का कार्य सुचारू रूप से पूरा करना सुनिश्चित करें।
इटारसी तहसील में कृषि उपज मंडी प्रांगण (इटारसी), रैसलपुर, सनखेड़ा, घाटली, गौचीतरौंदा, सोनतलाई, रामपुर गुर्रा, जमानी, बिछुआ, केसला, पथरौटा और कालाआखर जैसी सेवा सहकारी समितियों को केंद्र बनाया गया है ।
प्रशासन की अपील, समय पर कराएं पंजीयन
इस आदेश के बाद जिला विपणन अधिकारियों और सहकारिता विभाग ने मैदानी स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तारीख 15 जून का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी निर्धारित केंद्रों पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीयन समय पर करा लें, ताकि आगामी उपार्जन के समय उन्हें किसी भी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या का सामना न करना पड़े।











