इटारसी। विस्थापित गांव नया सांकई, झालई के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। गांव के अध्यक्ष सुनील भलावी ने बताया कि विस्थापन तो कर दिया लेकिन अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलीं। गांव में रोड जैसी सुविधा के अभाव में बारिश के दिनों में आवागमन में दिक्कत होती है, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है, एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती है।
उन्होंने बताया कि स्वयं आज ग्रामीण जगह-जगह गड्ढे में मिट्टी बजरी डालकर रोड को सुधारने में लगे हैं। ग्रामीणों ने विधायक एवं कलेक्टर को कई बार ज्ञापन दिया लेकिन कोई सम्मानजनक जवाब नहीं मिला। सुनील भलावी, दिनेश भलावी, भैया लाल भलावी, रामकिशोर भलावी, कमलेश भलावी, फिरकसिंह भलावी, पिंटू उईके आदि ने कहा कि न तो शासन और ना ही प्रशासन हमारी समस्या की ओर ध्यान दे रहा है।











