इटारसी। ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात’ और ‘संस्कारों की नींव पर ही सफलता का महल खड़ा होता है‘—इन्हीं आदर्शों की झलक स्थानीय पत्रकार भवन में देखने को मिली। यहां आदर्श चौरसिया महिला मंच ने मेधावी छात्र-छात्राओं के प्रतिभा सम्मान एवं मातृ दिवस के उपलक्ष्य में हुए एक कार्यक्रम में शिक्षा की चमक और ममता की महक का अनूठा संगम नजर आया।
शिक्षा के सितारों का हुआ अभिनंदन
कार्यक्रम में समाज के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से सफलता के झंडे गाड़े हैं। कुमारी शिवांशी अतुल चौरसिया, प्रिशा आशीष चौरसिया, राजुल चौरसिया और लक्की चौरसिया को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मंच की ओर से पुरस्कृत किया। अतिथियों ने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत से समाज का मान बढ़ाया है।
अतिथियों ने भरा उत्साह
मुख्य अतिथि महिला पत्रकार एवं बचपन प्ले स्कूल की हेड सुश्री मंजु ठाकुर ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन और संस्कारों का दामन कभी नहीं छोडऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत का फल और समस्या का हल देर से ही सही, मिलता जरूर है। विशिष्ट अतिथि पत्रकार संघ एवं अशासकीय स्कूल समिति के अध्यक्ष शिव भारद्वाज ने आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मां के चरणों में ही स्वर्ग होता है और उनका सम्मान करना ही सबसे बड़ा पुण्य है।
राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. इंदु प्रदीप चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने माताओं के त्याग और समर्पण को रेखांकित करते हुए बताया कि मां केवल जीवन नहीं देती, बल्कि समाज को एक बेहतर नागरिक देने के लिए अपनी खुशियां न्योछावर कर देती है।
पुष्पहारों से हुआ माताओं का वंदन
मातृ दिवस के अवसर पर मंच की महिलाओं ने उपस्थित सभी माताओं को पुष्प माला भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा हॉल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। मंच संचालन श्रीमती सुधा चौरसिया ने किया। इस अवसर पर मंजुला चौरसिया, मधु दिनेश चौरसिया, अनीता विष्णु चौरसिया, गीता राजकुमार चौरसिया, शशि जितेंद्र चौरसिया, चंदा दुर्गा चौरसिया, सपना चौरसिया, सुशीला जी, गीता सीटु चौरसिया और आस्था चौरसिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।












