इटारसी। जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी एनके सूर्यवंशी के सेवानिवृत्त होने पर तवानगर में एक विदाई समारोह का आयोजन किया। स्पोर्ट्स क्लब के नव निर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष बसारत खान के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और खेल प्रेमियों ने उनके निष्पक्ष व समर्पित सेवाकाल को याद किया।
श्री सूर्यवंशी को शाल ओढ़ाकर और तवा बांध का चित्र बतौर स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वे एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ बैडमिंटन के क्षेत्रीय संयोजक और उत्कृष्ट खिलाड़ी भी रहे हैं। युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान की विशेष सराहना की गई।
कार्यक्रम में महेंद्र ओगले, अशोक शर्मा, हेमंत अजनेरिया, क्रांति पालीवाल, दीपक चौरे और कैलाश सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। बसारत खान ने कहा, सूर्यवंशी ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव से एक अलग पहचान बनाई। तवा नगर और विभाग उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।











